उत्तर प्रदेश के 14 शहरों की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए 700 इलेक्ट्रिक एसी बसों को चलाया जाएगा। इन एसी सिटी बसों में यात्री साधारण किराया देकर सफर कर सकेंगे। यात्रियों को यह सुविधा सिर्फ एक साल तक ही हासिल होगी। यह उद्गार नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने व्यक्त किये।
मंगलवार को मंत्री ने 1090 चौराहा पर चार नई सिटी बसों का ट्रायल रन का शुभारंभ करने के बाद कहा कि एक माह तक इन बसों का सफल ट्रायल होने के बाद पीएमआई कंपनी के द्वारा लखनऊ शहर में 96 अन्य बसों का तीन माह में संचालन किया जाएगा।
जबकि आगरा, कानपुर को भी 100-100, प्रयागराज, वाराणसी और गाजियाबाद को 50-50, झांसी, अलीगढ़, मुरादाबाद, गोरखपुर, शाहजहांपुर व मथुरा वृंदावन में 25-25 बसों का संचालन किया जाएगा।
उधर, नगर विकास मंत्री ने जिन बसों का ट्रायल किया वह बिना सवारी के (बालू की बोरी) दस रूट पर चलेंगी। इस मौके पर नगर विकास एवं सिटी ट्रांसपोर्ट कंपनी के अधिकारी उपस्थित थे।
45 मिनट चार्ज होकर 120 किमी चलेगी
दूसरे फेज में आई इलेक्ट्रिक एसी बसों में बहुत सी खासियत हैं। ये सिटी बस ढाई घंटे में चार्ज होने के बाद महज 80 किमी तक ही चलती थी। मगर, ये नई बस सिर्फ 45 मिनट में चार्ज होकर 120 किमी तक चलेंगी।