सांसद आदर्श ग्राम योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के हिसाब से मूर्तरूप ले इसके लिए जिम्मेदार अफसरों, कर्मचारियों व पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने सुविधा के लिहाज से राजधानी लखनऊ सहित 15 स्थानों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है।
शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर इस योजना से जुड़े लोगों को प्रशिक्षित करने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान हैदराबाद ने एक मॉडयूल विकसित किया है।
इसमें यह बताया जाएगा कि गांव के लिए बनाए गए कार्यक्रमों में किस तरह जनसहभागिता हासिल की जाए। किस तरह तय समय में गांवों को विकसित किया जा सकता है। इसके अलावा तमाम अन्य उपयोगी जानकारी दी जाएगी।
आदर्श ग्राम योजना के चार्ज ऑफिसर, चयनित ग्राम पंचायत के ग्राम्य विकास विभाग अधिकारी व कर्मचारी, गांव के पंचायत प्रतिनिधि, गांव के विकास कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारी व कर्मचारी तथा गांव में कार्यरत प्रतिष्ठित स्वयं सेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों का प्रशिक्षण होगा।
तीन चरणों में होगा प्रशिक्षण कार्यक्रम
शासन ने प्रदेश के सभी जिलों की सुविधा के लिहाज से 15 स्थानों पर तीन चरणों में प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करने का फैसला किया है। ये प्रशिक्षण क्षेत्रीय ग्राम्य विकास संस्थानों में आयोजित होंगे।
प्रशिक्षण केंद्रों पर नजदीकी जिलों के प्रतिनिधि बुलाए जाएंगे। प्रमुख सचिव समग्र ग्राम्य विकास रजनीश दुबे ने सभी जिलाधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए हैं।
कहां कब प्रशिक्षण
12 से 16 जनवरी : आगरा, मैनपुरी, बुलंदशहर, बदायूं, झांसी, इटावा में।
19 से 23 जनवरी : प्रतापगढ़, मऊ, फैजाबाद, रायबरेली, गोरखपुर, लखनऊ व गाजीपुर।
9 से 13 फरवरी: बड़ौत बागपत व सहारनपुर।