डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि सिपाही स्मार्ट फोन रख रहे हैं तो उन्हें स्मार्ट कॉप की तरह दिखना भी चाहिए। खाकी की विश्वसनीयता ही पुलिस महकमे की ताकत है। वर्तमान दौर पूरी तरह से बदला हुआ है।
नई तकनीकी आ गई है इसलिए पुलिसकर्मियों को समय के साथ चलना होगा। हमारे सिपाही पुरानी चीजें भूल गए हैं, इसलिए रिफ्रेशर कोर्स बनाया गया है। डीजीपी ने यह बातें सोमवार सुबह पुलिस लाइन में सिपाहियों के लिए रिफ्रेशर कोर्स के शुभारंभ के अवसर पर कहीं। उन्होंने कहा कि रिफ्रेशर कोर्स से उत्तर प्रदेश पुलिस की दक्षता बढ़ेगी।
सिपाहियों के लिए इस कोर्स के आवश्यकता गोमतीनगर में बीते सप्ताह एपल कंपनी के एरिया सेल्स मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के बाद महसूस की गई थी। कोर्स के डायरेक्टर एडीजी लखनऊ जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि राजधानी में 6000 पुलिसकर्मी हैं जिन्हें एक साल तक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
12 दिवसीय इस कोर्स के पहले बैच में 200 सिपाहियों को शामिल किया गया है। इनका प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अगला बैच आएगा। यह कार्यक्रम एक साल तक चलेगा। इस मौके पर एसपी ग्रामीण व रिफ्रेशर कोर्स के नोडल अफसर डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी/सीओ लाइन अमित कुमार, सीओ ऑफिस नईमुल हसन समेत अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।