उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम प्रदेश में पर्यटन विकास के बाद अब ‘पाणिग्रहण संस्कार’ का भी आयोजन करेगा। निगम जल्द ही प्रदेश में उच्च-मध्य वर्ग से लेकर शाही विवाह समारोहों के आयोजन के लिए इवेंट मैनेजर की भूमिका निभाएगा।
देश में डेस्टीनेशन मैरिज और शाही अंदाज में विवाह का प्रचलन बढ़ रहा है। फिल्म जगत की हस्तियों से लेकर देश के बड़े उद्योगपति और पूंजीपति आगरा, वाराणसी, मथुरा, वृंदावन सहित अन्य शहरों में विवाह समारोहों का आयोजन करते हैं।
पर्यटन निगम ने इन्हीं विवाह समारोहों को आमदनी का नया जरिया बनाने की योजना बनाई है। निगम उच्च-मध्यवर्ग से लेकर शाही विवाह समारोहों तक का आयोजन करेगा। सगाई, विवाह समारोह में आयोजन स्थल (होटल या लॉन) की बुकिंग, नाश्ते से खाने-पीने के साथ ही मंडप सजाने तक की व्यवस्था निगम खुद करेगा।
आगरा, वाराणसी, लखनऊ, मथुरा, वृंदावन, नोएडा, इलाहाबाद, कानपुर, गोरखपुर, कुशीनगर सहित कुछ अन्य शहरों को योजना में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। निगम के निदेशक अखंड प्रताप सिंह का मानना है कि इससे आय बढ़ने के साथ प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।