उत्तर प्रदेश में आयुष कॉलेजों में काउंसिलिंग की तैयारी पूरी कर ली गई है। निदेशालय की ओर से समय सारणी तैयार कर लिया गया है। इसे जनवरी माह के पहले सप्ताह से प्रस्तावित किया गया है। मंगलवार को होने वाली बैठक के बाद तिथियों की घोषणा की जाएगी।
प्रदेश में स्थित राजकीय एवं निजी आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं यूनानी कॉलेजों में दाखिले के लिए अभी तक एजेंसी के जरिए काउंसिलिंग होती रही है, लेकिन वर्ष 2022 की काउंसिलिंग में हुई मनमानी के बाद व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
ये भी पढ़ें - ठंड से ठिठुरा यूपी, घने कोहरे से पूरे सप्ताह नहीं मिलेगी राहत
ये भी पढ़ें - सीएम योगी ने गुरु गोविंद सिंह जी के पुत्रों को किया नमन, बोले- युगों-युगों तक प्रेरणा देगा बलिदान
अब काउंसिलिंग का कार्य एजेंसी के जरिए कराने के बजाय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के जरिए कराने का फैसला किया गया है। एमबीबीएस-बीडीएस की दो राउंड की काउंसिलिंग पूरी हो चुकी है। मॉप- अप राउंड शुरू हो गया है। ऐसे में अब आयुष की काउंसिलिंग को लेकर तीनों निदेशकों की कमेटी ने प्रस्तावित समय सारणी तैयार कर ली है।
इसमें जनवरी के पहले सप्ताह से पंजीयन की प्रक्रिया शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। मंगलवार को इसे अंतिम रूप देने के लिए बैठक होगी। इसमें काउंसिलिंग की तिथि की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।