मलिहाबाद। खिली धूप के साथ बागों में आम के टिकोरे चमकने लगे हैं। उम्मीद की यह किरण बागवानों के चेहरे पर मुस्कान ला रही है। हालांकि एक हफ्ता पूर्व हल्की बूंदाबांदी से दहिया बीमारी और कीटों के लगने का खतरा बढ़ गया है। इस आशंका से बागवानों ने दवाओं का छिड़काव करना शुरू कर दिया है।
मलिहाबाद के पद्मश्री हाजी कलीम उल्लाह खान बताते हैं कि पेड़ों में बौर और कल्ला (पत्ते) साथ में निकला है, उनमें नए कल्ला (पत्ते) की वजह से बौर दब गया है। उन पेड़ों को छोड़कर फल पट्टी क्षेत्र में कहीं भी रोग का प्रकोप नहीं है। आम के पेड़ों पर टिकोरे खूब नजर आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि फल पट्टी बड़ा क्षेत्र है। आम की बागवानी से इलाके के ज्यादातर लोग जुड़े हैं। बागों में आम का उत्पादन कर पूरे वर्ष से खर्च चलता है। जिनके पास बाग नहीं है वे लोग बागों की खरीदारी करके आम बेचते हैं।
पिछले वर्ष का रिकॉर्ड तोड़ सकती है इस बार की फसल
हाजी कलीम उल्लाह के अनुसार, फल पट्टी क्षेत्र में करीब एक दशक बाद आम के पेड़ों में निकले बौर में अभी तक अत्यधिक गंभीर रोग नहीं दिखाई पड़ रहा है। हर वर्ष की अपेक्षा इस बार कीटनाशकों का छिड़काव भी कम किया गया है। मौसम अच्छा रहा तो बंपर फसल होगी। पिछले वर्ष 32 मैट्रिक टन आम की फसल हुई थी।
पिछले दिनों बूंदाबांदी से बागवान थे चिंतित
पिछले एक हफ्ता पूर्व बिगड़े मौसम से बागवानों की चिंता बढ़ी थी। लेकिन खिली धूप ने फिर से फसल को पटरी पर ला दिया है। हल्की बूंदाबांदी से गुजिया कीट, भुनगा जैसे रोग लगने के आसार बढ़ते हैं। कृषि विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश कुमार दुबे ने बताया कि पिछले हफ्ते की बूंदाबांदी से दहिया बीमारी के लगने की जानकारी मिल रही है। बागवानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही मार्च में बढ़े तापमान को देखते हुए बागवानों को फफूंद नाशक हेक्साकोनाजोल और एमिडा दवाओं का स्प्रे करना चाहिए, जिससे दहिया बीमारी और साथ ही तेजी से फूलों और टिकोरों को गिरने से बचाया जा सके। फसल अभी तक बेहतर है।
पेड़ पर लगे टिकोरे।