लखनऊ। केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में दलाली के खिलाफ सोमवार और मंगलवार को चलाए गए अभियान में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें मरीजों को सस्ती दवा दिलाने का झांसा देने और निजी अस्पतालों में भेजने वाले दलाल शामिल हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और कमीशन के खेल की पड़ताल कर रही है।
ट्रॉमा सेंटर चौकी प्रभारी आशुतोष कुमार की कार्रवाई में ऋषभ, फैज और शावेज को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, ऋषभ और फैज मेडिकल चौराहा स्थित निजी मेडिकल स्टोर से जुड़े हैं। दोनों मरीजों और तीमारदारों को सस्ती दवा उपलब्ध कराने का झांसा देते थे। वहीं, मदेयगंज निवासी शावेज पर मरीजों को निजी अस्पताल भेजने का आरोप है। वह एक नर्सिंग होम से जुड़ा दलाल बताया जा रहा है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके मेडिकल स्टोर और नर्सिंग होम से संबंधों की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी मरीजों से सीधे संपर्क करते थे या कमीशन पर काम करते थे। पुलिस उनके मोबाइल फोन और संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाल रही है। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।