गोमतीनगर इलाके में मुठभेड़ की सूचना पर देर रात संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) नीलाब्जा चौधरी समेत अन्य अधिकारी व चिनहट, गोमतीनगर विस्तार, विभूतिखंड आदि थानों की पुलिस पहुंच गई। एसीपी गोमतीनगर श्वेता श्रीवास्तव ने बताया कि मौके से भाग निकले बदमाशों की तलाश में पूरी रात रेलवे ट्रैक व आसपास के इलाके में कांबिंग की गई मगर सफलता नहीं मिली।
छह दिन पहले मुठभेड़ में पकड़े गए थे तीन साथी
गोमतीनगर में मुठभेड़ से छह दिन पहले 11 अक्तूबर की रात को भी बांग्लादेशी डकैतों का गिरोह वारदात करने निकला था। मगर चिनहट इलाके में मल्हौर रेलवे स्टेशन के पास गश्त कर रही पुलिस टीम से सामना होने पर मुठभेड़ हो गई थी। इसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए थे। पुलिस ने इन दोनों के साथ ही एक अन्य बदमाश को मौके से पकड़ा था। इनकी पहचान बांग्लादेश के खुलना मोर्लगंज के सनकीभगा निवासी शेख रूबेल उर्फ रबीउल, रेंडा शोरन के अमरागासिया का आलम उर्फ अल और बार्गेहाट कलिकाबरी निवासी रबीउल के रूप में हुई थी।