- सरोजनीनगर में एसयूवी की टक्कर से विधि के छात्र की गई जान, दोस्त जख्मी
- सुशांत गोल्फ सिटी में ट्रक की टक्कर से शोरूम के एरिया सेल्स मैनेजर की मौत
- पारा में हुई सड़क दुर्घटना में अधेड़ की मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
लखनऊ। सरोजनीनगर, सुशांत गोल्फ सिटी और पारा थानाक्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में विधि के छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। उसकी जान हेलमेट पहने होने के कारण बच गई।
सरोजनीनगर में मुल्लाही खेड़ा के हीरालाल नगर निवासी रिशु सोनी (26) निजी डिग्री कॉलेज में एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र थे। वह प्राइवेट नौकरी भी करते थे। उनके भाई रिंकू के मुताबिक सात सितंबर की देर शाम भाई रिशु दोस्त सूरज के साथ आलमबाग गए थे। बाइक सूरज चला रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे लौटते समय सरोजनीनगर में शहीद पथ पर सामने से तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रिशु की मौत हो गई, जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका इलाज ट्राॅमा में चल रहा है। परिवार में पिता मंगला प्रसाद और मां नीलम देवी हैं।
उधर, तेलीबाग के राजीव नगर में रहने वाले गौरव सिंह (35) लालबाग स्थित बाइक शोरूम में एरिया सेल्स मैनेजर थे। उनके भाई सौरभ ने बताया कि शुक्रवार देर रात गौरव स्कूटी से दफ्तर से लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे सुशांत गोल्फ सिटी में अहिमामऊ पुल के ऊपर ट्रक ने पीछे से स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में गौरव की मौत हो गई और चालक भाग निकला। परिवार में पत्नी डॉली और बेटा शिवाय है।
पारा के हंस खेड़ा निवासी गया प्रसाद शर्मा (53) सैलून चलाते थे। उनके बेटे शिवम के मुताबिक शुक्रवार देर रात पिता खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। कुछ देर परिचित ने उन्हें घर के पास पिता के घायल अवस्था में पड़े होने की जानकारी दी। परिजन उन्हें लोकबंधु अस्पताल ले जाने लगे, पर रास्ते में ही गया उन्होंने दम तोड़ दिया। परिवार में पत्नी सुनीता व चार बच्चे हैं।