लखनऊ। दरोगा भर्ती परीक्षा के संबंध में भ्रामक सूचना वायरल करने पर हुसैनगंज थाने में तीन और एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड में तैनात इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सतेंद्र सिंह के मुताबिक टेलीग्राम पर शुक्रवार को चैनल CBSE WALLAH पर परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए भ्रामक सूचना पोस्ट की गई थी। यूपीआईडी वायरल करते हुए परीक्षार्थियों से 15 हजार रुपये में पूरा और आठ हजार रुपये में आधा प्रश्नपत्र देने की बात कही गई। रुपये देने पर उप निरीक्षक की लिखित परीक्षा-2025 का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने का दावा किया गया। टेलीग्राम चैनल UP SI EXAM PAPER LEAAK पर 25 हजार रुपये जमा करने पर प्रश्नपत्र मुहैया कराने का झांसा दिया गया। एसीपी हजरतगंज विकास कुमार जायसवाल के मुताबिक पुलिस टीम टेलीग्राम चैनल चलाने वालों को गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी।
चैनल UPSI EXAM 2026 (ADMIN PANKAJ_SIR00) से भी पेपर देने का झांसा दिया गया। मैसेज में 12 हजार में पेपर देने की बात कहते हुए एक यूपीआई भी दिया गया। जालसाज ने छह हजार पेपर से पहले और छह हजार पेपर के बाद देने की बात कही। (माई सिटी रिपोर्टर)