अंबेडकरनगर। टांडा रायबरेली नेशनल हाइवे पर बुधवार को ट्रिपलिंग ने दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की जान ले ली। अंबेडकरनगर स्थित एआरटीओ कार्यालय से वापस जा रहे तीनों युवकों की बाइक को पहितीपुर बाजार के निकट सामने से आ रहे ट्रेलर ने रौंद दिया। इससे दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरे ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर ही मार्ग जाम कर पुलिस के विरोध में नारेबाजी भी की। हालांकि कुछ ही देर में पहुंची पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया। साथ ही शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बुधवार दोपहर करीब नेशनल हाइवे पर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पहितीपुर बाजार के निकट उस समय अफरातफरी मच गई, जब सुल्तानपुर की तरफ से आ रहे ट्रेलर ने बाइक सवार युवकों को रौंद दिया। जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जनपद के धनपतगंज थाना क्षेत्र के बहेरी निवासी दो सगे भाई इम्तियाज बेग (30) तथा सुल्तान बेग (25) अपने चचेरे भाई शहबाज उर्फ गुड्डू (20) के साथ बाइक से अकबरपुर आया था। यहां गुड्डू को एआरटीओ कार्यालय में एक आटो का कागजात ट्रांसफर कराना था। काम निपटाकर यह तीनों वापस लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए। तेज रफ्तार ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर रौंद दिया। घटना के बाद चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला। हालांकि बाद में उसे पकड़ लिया गया। उधर नेशनल हाईवे पर हुए इस हादसे में सुल्तान व गुड्डू की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल इम्तियाज को जिला अस्पताल भेजा गया।
इससे पहले घटना को लेकर पुलिस के रवैये से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर ही शव रखकर जाम लगा दिया। कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक संतोष गौड़ व अन्य ने समझा बुझाकर उन्हें शांत कराया। इसके बाद दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उधर जिला अस्पताल में इलाज के दौरान इम्तियाज बेग ने भी दम तोड़ दिया।
हेलमेट होता, तो बच जाती जान
तीनों युवकों की मौत सिर में आई चोट की वजह से हुई है। ट्रिपल राइडिंग कर रहे इन युवकों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। सिर फटने से खून के अधिक रिसाव ने युवकों की जान ले ली। हादसे के बाद वहां पहुंचे लोग मौके का नजारा देख स्तब्ध रह गए। काफी देर तक पहितीपुर बाजार व आसपास के क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
तीन युवकों की मौत से बेहरी पड़रे गांव में कोहराम
एक साथ तीन मौत की सूचना जैसे ही बेहरी पड़रे गांव पहुंची, कोहराम मच गया। ग्रामीण सूचना मिलते ही दुर्घटना स्थल की ओर रवाना हो गए। हादसे से गांव में किसी के घर चूल्हा नहीं जला। धनपतगंज थाना क्षेत्र के बेहरी पड़रे गांव के निवासी रियाज बेग का पुत्र इम्तियाज बेग (32) छोटे भाई सुल्तान बेग (23) और गांव के ही अजमल बेग (20) पुत्र अनवर बेग के साथ बुधवार सुबह बाइक से अंबेडकरनगर के एआरटीओ ऑफिस जाने के लिए निकला था। इम्तियाज ने एक टेंपो खरीदा था जिसका ट्रांसफर कराना था।
तीनों अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के पहीतीपुर बाजार के पास पहुंचे ही थे कि तभी तेज रफ्तार एक ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में इम्तियाज व सुल्तान की मौके पर मौत हो गई जबकि अजमल गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय लोगों की मदद से उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय रास्ते में अजमल की भी मौत हो गई। एक साथ तीन मौतों की सूचना जैसे ही बेहरी पड़रे गांव पहुंची, कोहराम मच गया।
एक साल पहले हुई थी छोटे भाई की शादी
बेहरी पड़रे गांव निवासी रियाज बेग के परिवार में पत्नी सूफिया बेगम के साथ ही पांच पुत्र हैं। इनमें से दो पुत्र इम्तियाज और सुल्तान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। एक साल पहले ही रियाज बेग ने छोटे पुत्र सुल्तान की शादी गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के कैथोली गांव की मोनी के साथ की थी। पति की मौत से मोनी का रो-रोकर बुरा हाल है। (संवाद)
बुझ गया घर का चिराग
बेहरी पड़रे गांव निवासी अनवर बेग के एकलौते पुत्र अजमल बेग की मौत से घर का चिराग बुझ गया। अजमल की मौत से मां आमिना अपनी सुध-बुध खो बैठी हैं। गांव में किसी के घर चूल्हा नहीं जला। (संवाद)