श्रावस्ती। भिनगा विधानसभा क्षेत्र में जल्दी तीन नए पुलों का निर्माण कराया जाएगा। इससे इलाके के लोगों का आवागमन सुगम बन सकेगा। इस संबंध में भिनगा विधायक की तरफ से प्रेषित प्रस्ताव को मुख्यमंत्री स्तर से मंजूरी प्रदान की गई है।
भिनगा विधायक इंद्राणी वर्मा ने बीती 21 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में सीएम योगी से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों के साथ ही किसानों की लंबित समस्याओं, खाद की किल्लत, भिनगा में रोडवेज बस डिपो व मेडिकल कालेज सहित तीन पक्के पुल के निर्माण की मांग सीएम से की थी।
इनमें सिरसिया के मसहाकाला के मजरा पिपरहवा ककरदरी तक 1200 मीटर पेंटिंग सडक़, पूरे प्रसाद चौराहे से अयोध्यापुरवा तक एक किलोमीटर सडक़, शाहपुर बरगदवा पक्कीरोड से सहिया पुर पक्की सड़क तक एक किलोमीटर रोड, सिटकहवा में दुर्गापुर पक्की रोड से मुडकट्टी गडरा होते हुए बंठिहिवा रोड तक तीन किलोमीटर पक्की सड़क, भरथा रोधनगढ़ के मजरा भरथा में अमीन के खेत से नहर तक 500 मीटर पक्की सड़क सहित तीन पुलों के निर्माण का प्रस्ताव शामिल था।
क्षेत्रीय विधायक के नए पुलों के निर्माण संबंधी प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री ने सहमति जताते हुए डोमाई चौराहे से जोखवा जाने वाले मार्ग स्थित नाले पर, खाकीदास कुट्टी के पास भुजंगा रास्ते को जाने वाले नाले की डीप पर तथा भिनगा इकौना मार्ग पर गोड़पुरवा के पास नाले पर चौड़ा पुल निर्माण कराने की स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से क्षेत्र की जनता का आवागमन सुगम बन सकेगा।