लखनऊ। पदमिनखेड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर ने एक युवती को शादी का झांसा देकर कई सालों तक लिवइन में रहा। इसके बाद जब युवती ने शादी के लिए कहा तो टालमटोल करने लगा। फिर ज्यादा दबाव बनाया तो रिवाल्वर तान कर जान से मारने की बात कही। इस पर किसी तरह पीड़िता अपनी जान बचाकर वन स्टाप सेंटर पहुंची। पीड़िता की शिकायत पर वन स्टॉप सेंटर ने कार्रवाई शुरू की। लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इस पर पीड़िता ने सोमवार देर शाम को कृष्णानगर थाने में तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर आलोक कुमार राय के मुताबिक इलाके के कानपुर रोड पर रहने वाली युवती ने तहरीर दी। जिसमें पदमिनखेड़ा मोहनलालगंज के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर हंसराज रावत पर गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता केमुताबिक कुछ साल पहले प्रॉपर्टी डीलर हंसराज रावत से मुलाकात हुई। हंसराज देवगंगा कंस्ट्रक्शन प्रा. लि. नाम से फर्म चलाता है। जो प्रॉपर्टी से संबंधित कार्य करता है। उससे अच्छी पहचान हो गई थी। हंसराज ने शादी करने का प्रस्ताव दिया। कहा कि वह उसके बच्चों की देखरेख करे। इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रुप में रहने लगे।
पांच बार कराया गर्भपात, शादी केनाम पर टालमटोल
पीड़िता का आरोप है कि हंसराज से जब भी वह शादी की बात करती थी। वह टालमटोल करने लगता। एक बार कहा कि बिजनेस बढ़ा लेते हैं तो फिर शादी कर लेंगे। फिर कहा कि मकान खरीद ले तो शादी हो जाएगी। युवती का आरोप है कि इस दौरान वह पांच बार गर्भवती हुई। इसकी जानकारी होने पर हंसराज ने गर्भपात कराया। आरोप है कि हंसराज ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाए। विरोध करने पर मारता पीटता था और धमकी देता। इसी बीच हंसराज का दूसरी महिला से संबंध हो गया। जानकारी होने पर विरोध किया तो दूरी बनाने लगा। इसी बीच एक दिन युवती उसके कार्यालय पहुंची। जहां उसने शादी की बात करनी शुरू की तो उसने लाइसेंसी रिवाल्वर तानकर जान से मारने की धमकी दी।
वन स्टॉप सेंटर पर भी नहीं बनी बात
पीड़िता ने वहां से अपनी जान बचाकर निकली। इसके बाद वन स्टाप सेंटर लोकबंधु अस्पताल परिसर पहुंची। 22 फरवरी को वहां शिकायती पत्र दिया। जिस पर प्रशासनिक अधिकारी ने दोनाें पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई। वहां हंसराज ने कुछ समय मांगा, कहा कि सब ठीक हो जाएगा। लेकिन इसके बाद भी उसने कोई पहल नहीं की। एक महीने के इंतजार के बाद पीड़िता ने कृष्णानगर थाने में तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक आरोपी प्रॉपर्टी डीलर पर दुष्कर्म, धोखाधड़ी व मारपीट व धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।