मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को विधान परिषद में किसानों के लिए किए गए कामों को गिनाते हुए कहा कि जितनी एमएसपी मोदी सरकार ने दी है, उतनी किसी ने नहीं दी। इस पर सपा के संजय लाठर धान की एमएसपी का मुद्दा उठाने लगे। तब मुख्यमंत्री ने कहा कि आप किसान नहीं पहलवान लगते हैं। आप अपने घर की खीझ यहां मत उतारिए। धान की एमएसपी को लेकर सपा के प्रदेश अध्यक्ष व सदस्य नरेश उत्तम तर्क देने लगे तो मुख्यमंत्री ने कहा कि आप कैसे किसान हो जिसे जानकारी ही नहीं। लगता है आप गमले में धान उगाते हैं और उस पर एमएसपी चाहते हैं।
राज्यपाल के अभिभाषण पर परिषद में चर्चा के दौरान हो रही नोंक-झोंक के बीच एक सदस्य ने मुख्यमंत्री से सदन में मीठी भाषा बोलने का आग्रह किया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोगों को किस प्रकार की भाषा समझ में आती है मुझे पता है। मैं उसी हिसाब से डोज समय-समय पर देता रहता हूं। इस पर एक बार फिर सपा के उदयवीर खड़े हुए और मुख्यमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह कौन सी भाषा है ठीक कर दूंगा, डोज दे दूंगा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले आप सदन का शिष्टाचार सीखिए फिर बात कीजिए। आप किस भाषा को समझते हैं, मुझे पता है। जो जिस भाषा में समझेगा उसे उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा। अगर बोलते हैं तो सुनने की आदत भी डालिए। मुख्यमंत्री के भाषण के बीच सपा के एमएलसी बलवंत सिंह रामू वालिया ने कुछ बोलना चाहा तो मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पास भी दो सरदार हैं।
आकाशीय बिजली को बता देते थे बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले बिजली आती ही नहीं थी। बच्चे अपनी मां से पूछते थे कि बिजली क्या होती है तो मां बारिश के समय जो बिजली चमकती थी उसे बता देती थी। बच्चे सो जाते थे तब बिजली आती थी और उनके उठने से पहले चली जाती थी।
...एक चीनी मिल का नाम बता दें तो मुख्यमंत्री का जयकारा लगाएंगे
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों में बेची गई चीनी मिलों का जिक्र कर रहे थे तभी सपा के सदस्य संजय लाठर खड़े हुए और बोले सपा के शासनकाल में कोई चीनी मिल नहीं बेची गई। अगर मुख्यमंत्री एक चीनी मिल का नाम बता दें तो मैं उनके नाम का जयकारा लगाऊंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं पिछली सरकारों की बात कर रहा हूं।
हमारे आने से पहले एक भी जिले में नहीं थी मेट्रो
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह सत्ता में आए थे उस समय प्रदेश में एक भी मेट्रो नहीं थी। उनकी सरकार ने इसका विस्तार किया है। इस पर विपक्ष के कई सदस्य ठहाके लगाने लगे। एक सदस्य ने पूछा आखिर गोरखपुर में कब आएगी?
सेब की पैदावार यूपी में नहीं होती
मुख्यमंत्री धान की एमएसपी के बारे में बता रहे थे। तभी सपा सदस्य राजपाल कश्यप ने अपनी जेब से एक सेब निकाला और कहा यह अडानी ग्रुप बेच रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सदस्य को इतना भी नहीं पता कि यूपी में सेब की खेती नहीं होती?
आप हमारा इलाज करेंगे, जनता आपका कर देगी
मुख्यमंत्री के भाषण से पहले सपा के आनंद भदौरिया ने कहा कि सभापति महोदय आप विपक्ष को अपनी बात नहीं रखने दे रहे, इससे पीड़ा होती है। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी सारी पीड़ा का इलाज कर दूंगा। ऐसी दवा करूंगा की पीड़ा रहेगी ही नहीं। मुख्यमंत्री का भाषण खत्म हुआ तो भदौरिया फिर खड़े हुए और मुख्यमंत्री की ओर इशारा करके कहने लगे कि आप मेरा इलाज कराने की बात कर रहे हैं, 2022 में जनता आपका इलाज कर देगी।