तैयारी को दो हिस्सों में बांटा गया है। एक हिस्से में केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, विकास के लिए शुरू हुए कामों और हर वर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए किए गए फैसलों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की रणनीति बनी है। दूसरे हिस्से में इन कामों के असर का आम लोगों से फीडबैक लेने तथा कमियों को दूर कर लोगों तक इन्हें पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
आज से जिलों में कार्यशाला
सरकार की उपलब्धियों के सहारे लोगों तक पहुंचने की तैयारी के लिए बुधवार से जिलों में तीन दिन तक कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। 14, 15 व 16 मार्च को आयोजित होने वाली कार्यशाला में जिलास्तरीय कार्यकर्ताओं को पूरी कार्ययोजना समझाई जाएगी। इसमें पार्टी के सभी नेता शामिल होंगे। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पांडेय 15 मार्च को फर्रुखाबाद एवं 16 मार्च को कन्नौज में कार्यशालाओं को संबोधित करेंगे।
प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल कानपुर व बरेली एवं प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक सोनभद्र व भदोही की कार्यशालाओं में हिस्सा लेंगे। डॉ. पांडेय ने कहा, बूथ से लेकर ग्राम स्तर तक योजना बनी है। जिलों की कार्यशालाओं के बाद 17 मार्च को भाजपा के सांगठनिक लिहाज से गठित 1471 मंडलों में बैठकें होंगी। इसमें उस मंडल के कार्यकताओं को इस अभियान और इसमें फोकस किए जाने वाले एजेंडे के बारे में जानकारी दी जाएगी।
प्रमुख कार्यकर्ताओं के सम्मेलन 20, 21 व 22 मार्च को होंगे। इनमें भी सरकार की उपलब्धियां बताकर उन्हें नीचे तक पहुंचाने का आह्वान होगा। इसके बाद 24 व 25 मार्च को सभी जिलों में प्रभारी मंत्रियों की मौजूदगी में सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर कार्यक्रम होंगे।
अगले दिन 26 मार्च से 6 अप्रैल तक सरकार की उपलब्धियों को भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचाने में जुटेंगे। इस दौरान सभी जगह लाभार्थी सम्मेलन भी किए जाएंगे। इनमें भाजपा का कोई न कोई बड़ा नेता और मंत्री रहेगा तथा लोगों को एक वर्ष में उनके हित के लिए किए गए कामों की जानकारी देगा।
कहीं पर अगर किसी की कोई समस्या सामने आती है तो उसका निराकरण कराने में भी भाजपा कार्यकर्ताओं को लगाया जाएगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, शिवनाथ यादव, दयाशंकर सिंह, लक्ष्मण आचार्य, रंजना उपाध्याय, सुधीर हलवासिया, प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक, अशोक कटारिया, पंकज सिंह, विद्यासागर सोनकर, गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, संतोष सिंह, अमर पाल मौर्य, कामेश्वर सिंह, त्रयम्बक नाथ त्रिपाठी, सुब्रत पाठक सहित मोर्चों के अध्यक्ष शामिल थे।