प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के स्वस्थ होने की दर में सुधार हुआ है। अभी तक सामने आए मरीजों में लगभग 40.09 फीसदी मरीज ठीक होकर अपने घर वापस लौट गए हैं। यह राष्ट्रीय दर से काफी ज्यादा है। देश में इस समय करोना पॉजिटिव मरीजों के ठीक होने की दर 29.35 है। एक्टिव मरीजों की संख्या में भी बीते दिनों में कमी आई है।
प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इससे पहले मरीजों के स्वस्थ होने की दर लगभग 37 फीसदी थी। यह भी राष्ट्रीय औसत से बेहतर थी। इसके अलावा बीते पांच दिनों से मरीजों की संख्या में भी कमी आई है। 4 मई को जहां एक्टिव मरीज 1939 थे। 6 मई को यह संख्या 1831 थी और 8 मई को यह संख्या 1821 ही रह गई।
उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में कोविड-19 का संक्रमण 68 जिलों तक फैल गया है, लेकिन अच्छी बात यह है कि इनमें से 9 जिले कोरोना फ्री हो गए हैं। यहां एक भी एक्टिव मरीज नहीं है। शुक्रवार दोपहर तक 1261 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। जबकि कुल 63 मौतें हुई हैं। बृहस्पतिवार को रिकॉर्ड 4848 नमूनों की जांच की गई।
इसके अलावा 1779 नमूनों के 373 पूल बनाकर जांच की गई। इनमे से कुल 18 पूल पॉजिटिव पाए गए हैं। इनकी दोबारा जांच की जाएगी। प्रमुख सचिव ने बताया कि प्रदेश में अब तक 116030 नमूनों की जांच हुई है। इसके अलावा 5045903 मकानों का सर्वे करके 25215344 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।