लखनऊ। पुलिस लाइन स्थित सिपाही अनूप कुमार चौधरी के घर सात मई की रात चोरी हुई। चोर को पकड़ने के दौरान सिपाही बालकनी से नीचे गिरकर घायल हो गया। अगले दिन फिर चोर घर घुसा। इस बार सिपाही की पत्नी ने उसे पहचान लिया। सिपाही की पत्नी की तहरीर पर महानगर पुलिस ने फॉलोअर के बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
लाल ब्लॉक स्थित मकान नंबर-575 में सिपाही अनूप कुमार चौधरी पत्नी निर्मला चौधरी के साथ रहते हैं। निर्माला के अनुसार, सात मई की तड़के करीब तीन बजे एक युवक घर में घुस आया। चोर ने चांदी की पाजेब, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, 38 हजार रुपये, मोबाइल फोन, एसबीआई एटीएम कार्ड और पुलिस विभाग का आईडी कार्ड चोरी कर लिया। चोरी के बाद आरोपी छत के रास्ते भाग रहा था। आहट सुनकर दंपती की नींद खुल गई। चोर को पकड़ने के लिए वे दौड़े तो आरोपी बालकनी से कूदने लगा। पीछा करते समय बालकनी की रेलिंग टूट गई और सिपाही अनूप नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद छुट्टी मिल गई।
अगले दिन फिर चोरी करने पहुंच गया आरोपी
निर्माला के अनुसार, आठ मई की रात चोर फिर से उनके घर में घुसा और घरेलू सामान चोरी करने की कोशिश की। इस बार परिवार के जाग जाने पर वह भाग निकला, लेकिन उन्होंने उसे पहचान लिया। शनिवार को उन्होंने आरोपी समीर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि समीर को हिरासत में लिया गया है। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए दूसरे युवक का नाम लिया है, जिसकी तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। आरोपी समीर के पिता के फॉलोअर हैं और पुलिस लाइन में रहते हैं।