प्रेमी ने शादी से किया इन्कार, किशोरी ने जान दी
लखनऊ। मड़ियांव के भिठौली क्रॉसिंग के पास रहने वाली चंदा (16) ने शुक्रवार को घर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। किशोरी की मां उसे बलरामपुर अस्पताल ले गई, वहां उसकी मौत हो गई। मां ने बेटी के प्रेमी शुभम के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कराया है। वहीं, चंदा के पिता ने पत्नी व शुभम पर बेटी को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। डॉक्टरों ने हार्ट व विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है।
चंदा के पिता सीतापुर संदना निवासी बालकराम के मुताबिक पत्नी मीना बेटी चंदा के साथ दो माह पहले घर छोड़कर लखनऊ आ गई और भिठौली क्रॉसिंग के पास किराये के मकान में रहकर निजी अस्पताल में काम करने लगी। शुक्रवार को मीना ने कॉल कर बताया कि बेटी की तबीयत खराब होने पर अस्पताल लेकर आई थीं, वहां उसकी मौत हो गई। खबर पाकर वह भी पहुंच गए।
मीना ने बताया कि शुक्रवार को मकान मालकिन ने फोन कर बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। ड्यूटी से वह घर पहुंचीं तो शुभम घर पर था। वह बेटी को अस्पताल लेकर पहुंची तो आरोपी शुभम उनका व बेटी का मोबाइल फोन लेकर भाग निकला। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र ने बताया कि शुभम की तलाश की जा रही है।