लखनऊ। कैफे संचालक अतुल कुमार जैन की चेन लूट के दौरान गिरने से हुई मौत के मामले में जिन बाइक सवार दो संदिग्धों को पुलिस तलाश रही है, अब तक उनका कुछ भी पता नहीं चल सका है। बाइक सवार संदिग्धों की गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं थी। अब पुलिस मोबाइल टॉवर के डाटा से छानबीन कर रही है।
पुलिस के सूत्र बताते हैं कि सीसीटीवी कैमरों में दिखे रहे बाइक सवार संदिग्धों की गाड़ी किसान पथ पर नजर आई और उसके बाद वे लोग गायब हो गए। पुलिस की टीमें अब किसान पथ से बाराबंकी की तरफ उतरे अलग-अलग गांवों में जाकर संदिग्ध के बारे में पता लगा रही हैं। एडीसी पूर्वी अमित कुमावत ने बताया कि घटना के दिन गुडंबा से लेकर किसान पथ तक एक्टिव मोबाइल नंबरों का डाटा मोबाइल टॉवरों से हासिल किया गया है। सर्विलांस व क्राइम ब्रांच की टीमें टॉवर से मिले डाटा को खंगाल रही है। एडीसीपी ने बताया कि पूर्वी और नॉर्थ जोन की पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की भी टीमें लगी हैं। जल्द संदिग्धों के बारे मेंं पता लगा लिया जाएगा।
यह है घटना
गुडंबा जानकीपुरम गार्डन निवासी अतुल कुमार जैन शनिवार सुबह मोहल्ले की एक महिला को जानकीपुरम स्थित जिम छोड़कर स्कूटी से लौट रहे थे। रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने गुडंबा सेक्टर जी चौराहा नंबर-4 के पास उनको चलती स्कूटी में लात मार दी थी। स्कूटी लेकर वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डाले से टकरा गए थे और उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पहले इस घटना को मामूली एक्सीडेंट बताया था। बाद में परिजनों ने चेन लूट के दौरान अतुल की मौत का आरोप लगाया था। इस मामले में एक दरोगा और एक सिपाही को भी निलंबित किया गया है।
अतुल कुमार जैन की फाइल फोटो।