बख्शी का तालाब में नहर रोड का निरीक्षण करते विधायक योगेश शुक्ला।
बख्शी का तालाब। नगर पंचायत के मामपुर बाना जाने वाली नहर पुलिया से आउटर रिंग रोड अंडरपास तक 500 मीटर लंबी सड़क 20 दिन पहले बनी थी। यह अब उखड़ने लगी है। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर रविवार को विधायक योगेश शुक्ला ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और विभागीय अधिकारियों की कारगुजारी देख नाराजगी जताई और कहा कि जनता के पैसे का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भैंसामऊ नहर पुलिया से लेकर अस्ती रोड तक लगभग दो किमी लंबी सड़क पर 500 मीटर तक डामरीकरण 20 दिन पहले लगभग 36 लाख रुपये की लागत से हुआ था। बाकी सड़क अभी जर्जर है। 500 मीटर सड़क के बनने के 20 दिन बाद ही कई जगह से डामर उखड़ गया और वहां से मिट्टी बाहर आने लगी। इसकी शिकायत स्थानीय निवासियों और बख्शी का तालाब व्यापार मंडल के मंत्री सोनू सिंह ने विधायक योगेश शुक्ला से की थी।
मामपुर बाना निवासी राजकुमार सिंह ने बताया कि आमतौर पर बख्शी का तालाब, कुम्हरावा, सीतापुर हाईवे पर जाम की स्थिति में यह दो किमी लंबी सड़क बुहुत उपयोगी साबित होती है। इसी पर आकर वाहन आउटर रिंग रोड पर चढ़कर अयोध्या रोड के लिए जाते हैं।
साथ ही इसी रोड पर तमाम स्कूल व इंस्टीट्यूट हैं। यहां आने-जाने के लिए रोजाना 15 से 20 हजार विद्यार्थी, शिक्षक और ग्रामीण आवागमन करते हैं।
n अंडरग्राउंड केबिल कार्य एक सप्ताह में पूरा करें : विधायक योगेश शुक्ला ने बताया कि रविवार को मौके पर जाकर देखा है कि किस प्रकार से घटिया रोड का निर्माण किया गया है। सूखी रोड वाहनों के दबाव से उखड़ गई। पीडब्ल्यूडी को लिखा गया है कि वह इसका मजबूत निर्माण करवाएं। साथ ही बाकी बची रोड पर 33 केवी लाइन की अंडरग्राउंड केबल डालने का काम एक सप्ताह में पूरा कराने के लिए कहा गया है।