ई रिक्शा से चलते थे टप्पेबाज, सवारी बैठाकर पार करते थे गहने
लखनऊ। कृष्णानगर पुलिस ने सोमवार को टप्पेबाजों के एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो ई रिक्शा से चलता था। ई रिक्शा में पहले से बैठीं गिरोह की महिलाएं सीट के लिए सवारी से धक्का-मुक्की कर उसके गहने पार कर देती थीं। आराेपियों के पास से 50 हजार रुपये, घटना में इस्तेमाल ई रिक्शा, तीन कटर व जेवर बरामद हुए हैं।
डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पश्चिम दिल्ली के रघुवीर नगर निवासी पप्पू सोलंकी, किशन कुमार, नई दिल्ली की ज्योति, लविंगा व राधा है। सभी आरोपी मूलरूप से गुजरात के लोहानगर के रहने वाले हैं। गिरोह का सरगना पप्पू सोलंकी है। आरोपियों ने 17 फरवरी को कृष्णानगर के विजय नगर निवासी कविता खत्री के कड़े पार कर दिए थे।
पूछताछ में पप्पू ने बताया कि वह और उसके साथी चोरी का ई रिक्शा लेकर शहर भर में घूमते थे। गहने पहने हुई बुजुर्ग महिला व पुरुष सवारी का इंतजार करते थे। कमजोर शिकार चुनने के बाद पप्पू ई रिक्शा लेकर सवारी के पास पहुंच जाता था। ई रिक्शे में पहले से लविंगा, राधा व ज्योति सवार रहती थीं।
कुछ दूरी पर बढ़ने के बाद तीनों आरोपी सीट के लिए धक्का-मुक्की कर पीड़ित का ध्यान भटका देती थीं। मौका मिलते ही कटर से पीड़ित के जेवर काटकर पार कर देती थीं। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों ने कुछ जेवर 50 हजार में बेचे थे। रकम जिस खाते में जमा थी उसकी यूपीआई आईडी फ्रीज की गई है। आरोपी ई रिक्शा चोरी करने के बाद उसकी नंबर प्लेट हटा देते थे।