लखनऊ। वजीरगंज स्थित कचहरी में पेशी पर आया चोरी का आरोपी बुधवार दोपहर पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला। वजीरगंज थाने में आरोपी व अभिरक्षा में तैनात दो पुलिसवालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी ने बताया कि बिहार के नालंदा निवासी राहुल राज को हसनगंज पुलिस ने वर्ष 2019 में चोरी के मामले में गिरफ्तार कर गोसाईंगंज जिला जेल भेजा था। बुधवार सुबह उसे पेशी पर सत्र न्यायालय लाया गया। पेशी से पहले उसे कचहरी में बने लॉकअप में रखा गया। दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल अजय कुमार और सिपाही सूरज यादव उसे तीसरी मंजिल पर बने कोर्ट में लेकर पहुंचे। पेशी के बाद राहुल भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकला। दोनों पुलिसवालों ने उसे तलाशना शुरू किया, पर कुछ पता नहीं चल सका। बाद में उन्होंने वजीरगंज पुलिस को सूचना दी।
वजीरगंज पुलिस ने भी राहुल को तलाशा, पर सुराग नहीं मिला। इंस्पेक्टर ने बताया कि लॉकअप प्रभारी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। दोनों पुलिसवालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए अधिकारियों को रिपोर्ट भी भेज दी गई है। जल्द दोनों को निलंबित किया जाएगा।