लखनऊ। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने के आधे घंटे पहले कोच की पोजिशन यात्रियों को पता लग सकेगी। इससे उन्हें असुविधाएं नहीं होंगी।इस बाबत पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन सहित सभी रेलवे स्टेशनों पर इस व्यवस्था को लागू करना सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि कोच गाइडेंस सिस्टम पर कोच की स्थिति समय से डिस्प्ले की जाए, ताकि यात्री समय रहते अपने कोच तक पहुंच सकें। वर्तमान में मैनुअल फीडिंग होने व ट्रेन के आने से सिर्फ पांच-दस मिनट पहले डिस्प्ले होने से यात्रियों को दिक्कतें होती हैं। दरअसल, कोच गाइडेंस सिस्टम में खामियों के कारण प्लेटफॉर्मों पर बोगियों को खोजने में यात्री परेशान होते हैं। आमतौर पर ट्रेन के आने के पांच से दस मिनट पहले कोच गाइडेंस सिस्टम पर अपडेट होना शुरू होता है। इससे यात्री सही समय से अपने कोच तक पहुंच नहीं पाते हैं। खासकर उन रेलवे स्टेशनों पर ज्यादा परेशानी होती है, जहां ट्रेन के रुकने का समय कम होता है। छोटे रेलवे स्टेशनों पर भी कोच गाइडेंस सिस्टम को अपडेट करने को कहा गया है।