लखनऊ। रंगदारी न देने पर अतीक अहमद के गुर्गे ने साथियों के साथ सआदतगंज के वजीरगंज निवासी मो. फैसल को बंधक बना लिया। पुलिस ने उन्हें छुड़ाया। एसीपी चौक राजकुमार सिंह के आदेश पर पुलिस ने 15 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मो. फैसल के मुताबिक 23 मार्च को दोपहर तीन बजे वह ग्राहक को चौक में दिलदार हुसैन ऑफिस के पास अपनी दुकान दिखाने गए थे। आरोप है कि वहां खुद को अतीक अहमद का गुर्गा बताने वाला मो. रईस, उसका भाई सरताज, कल्लू और 12 अज्ञात लोग आ धमके। आरोपी रंगदारी मांगने लगे। विरोध पर उन्हें घेर लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट पर आमादा हो गए। आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया। यह देख उनका ग्राहक भाग निकला। शोर मचाने पर लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच उन्होंने यूपी 112 पर कॉल कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पहुंचकर उन्हें छुड़ाया। मो. फैसल का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ऐसे में उन्होंने एसीपी से शिकायत की।
रंगदारी और हत्या के प्रयास के कई केस हैं दर्ज
मो. फैसल का कहना है कि आरोपी मो. रईस पर शहर के कई थानों में रंगदारी और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं। वह सपा में अपनी पकड़ होने का दावा करता है। इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय के मुताबिक मामले की विवेचना दरोगा विनीत कुमार कर रहे हैं। बयान और साक्ष्य संकलन होने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।