लखनऊ। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान (लखनऊ चिड़ियाघर) प्रशासन व्हाइट टाइगर और हिप्पो के कुनबे का विस्तार करने के साथ-साथ शुतुरमुर्ग और चिंकारा को भी यहां लाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर चिड़ियाघरों से संपर्क किया है। वन्यजीव विनिमय के तहत दोनों संस्थानों के बीच सहमति बन चुकी है। उम्मीद है कि जुलाई से नए वन्यजीवों को लखनऊ लाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वन्यजीव विनिमय के नियमों के तहत लखनऊ चिड़ियाघर से बदले में बारहसिंघा और बिराग भेजे जाएंगे।
लखनऊ चिड़ियाघर के निदेशक संजय कुमार बिस्वाल ने बताया कि वन्यजीवों की प्रजातियों को बढ़ाने और दर्शकों को नया अनुभव देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर चिड़ियाघर से एक जोड़ा शुतुरमुर्ग और एक जोड़ा चिंकारा लाने की तैयारी है।
उन्होंने बताया कि रायपुर चिड़ियाघर से एक फीमेल व्हाइट टाइगर और एक फीमेल हिप्पो (दरियाई घोड़ा) लाई जाएगी। रायपुर चिड़ियाघर के साथ साझेदारी फाइनल हो चुकी है। बिलासपुर चिड़ियाघर से भी पत्राचार पूरा हो गया है। इस वन्यजीव विनिमय की जानकारी भारतीय वन्यजीव संस्थान को भी दे दी गई है।