लखनऊ। आईटीएफ जूनियर जे-30 टेनिस टूर्नामेंट में बुधवार का दिन उलटफेर के नाम रहा। टूर्नामेंट के क्वालिफायर में पार्थिव नल्लागुंडला व श्रेयंत महंतेशा ने वरीय खिलाड़ियों के खिलाफ उलटफेर भरी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
विजयंतखंड मिनी स्टेडियम के टेनिस एरीना में आयोजित प्रतियोगिता के बालक वर्ग में भारत के लेथेश एस कोंबिला व लक्ष्यवर्द्धन ने उलटफेर किया, जबकि बालिका वर्ग में नीशा एंजा, प्रार्थना खेडकर, रिद्धि शिंदे, शाजफा वानिया ने भी वरीय खिलाड़ियों के खिलाफ उलटफेर करते हुए अंतिम आठ में जगह बनाई। बालक वर्ग के क्वालिफायर में पार्थिव नल्लागुंडला ने चौथी वरीय भारत के रवि तेजस को तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-2 से हराया।
एक अन्य क्वालिफायर श्रेयंत महंतेशा जब मैच में 6-3, 2-1 से आगे थे, तभी प्रतिद्वंद्वी पांचवीं वरीय भारत के अहान शेट्टी के मैच छोड़ दिया। लक्ष्यवर्द्धन ने दूसरी वरीयता प्राप्त विवान बिदासारिया को संघर्षपूर्ण मैच में 6-2, 7-5 से शिकस्त देकर तीसरा उलटफेर किया। लेथेश एस. कोंबिला ने आठवीं वरीय प्रदन्येश शेलके को 4-6, 6-3, 4-0 से हराया। बालिका एकल के दूसरे दौर में गैर वरीय नीशा एंजा ने बड़ा उलटफेर करते हुए पांचवीं वरीय हिया कुगासिया को एकतरफा 6-0, 6-1 से शिकस्त दी।
गैर वरीय प्रार्थना खेडकर ने उम्दा सर्विस की बदौलत सातवीं वरीय तनिष्का भटनागर को 6-4, 6-3 से हराया। रिद्धि शिंदे ने भारत की शीर्ष वरीय एंजल पटेल को तीन सेट तक चले रोमांचक मैच में 5-7, 7-5, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। वहीं क्वालिफायर शाजफा वानिया ने आठवीं वरीय जान्हवी तम्मीनेडी को सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से शिकस्त दी।
बालक एकल में शीर्ष वरीय ओम पटेल ने अद्वित तिवारी को 6-3, 6-4 से हराया। सातवीं वरीय शौनक चटर्जी ने अथर्व श्रीरामोजू के खिलाफ थोड़ी मशक्कत के बाद 6-3, 6-4 से जीत दर्ज की। दूसरी ओर ऋभव सरोहा ने महिजीत प्रधान को 6-3, 6-2 से और वरद उंद्रे ने आरव ढेकियाल को 6-3, 6-1 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।