लखनऊ। तकरीबन एक साल से स्पोर्ट्स कॉलेज प्रांगण में बनी डॉरमेट्री में गंदगी के बीच रह रहे खिलाड़ियों को जल्द ही नए हॉस्टल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। अभी तक खिलाड़ी कॉलेज की डॉरमेट्री में तमाम अव्यवस्थाओं के बीच रह रहे हैं। साथ ही एक जुलाई तक बैडमिंटन कोर्ट भी प्रशिक्षण के लिए तैयार हो जाएगा। इन मुद्दों को अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ उठाया था।
अखबार में खबर छपने के बाद कॉलेज प्रंबधन हरकत में आया। कॉलेज प्रबंधन की सख्ती पर कार्यदायी संस्था (आवास विकास परिषद) ने एक जुलाई से शुरू होने वाले कॉलेज के नए सत्र तक दोनों निर्माण कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में संस्था की ओर से ठेकेदार को नोटिस जारी किया है। कार्यदायी संस्था से मिली जानकारी के अनुसार फौरी तौर पर 10 जून तक हॉस्टल के तीसरे और चौथे तल का काम पूरा करके खिलाड़ियों को शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद शेष दो तल अगले 20 दिन में तैयार किए जाएंगे।
जहां तक कॉलेज प्रांगण में निर्माणाधीन बैडमिंटन हाॅल का सवाल है तो इसे भी जुलाई माह से शुरू होने वाले सत्र से पहले तैयार कर लिया जाएगा। इससे खिलाड़ियों को कॉलेज बस से 20 किलोमीटर दूर स्थित विनय खंड मिनी स्टेडियम में जाकर प्रशिक्षण लेने की समस्या से भी छुटकारा मिल जाएगा।
हम स्पोर्ट्स कॉलेज प्रांगण में निर्माणाधीन चार मंजिला हॉस्टल और बैडमिंटन हॉल में हुई देरी को स्वीकार करते हैं। इस संबंध में ठेकेदार को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है। यह सुनिश्चित किया गया है कि एक जुलाई से शुरू होने वाले नए सत्र से पहले हॉस्टल और बैडमिंटन कोर्ट को तैयार कर लिया जाए। - शशांक पांडेय (एक्ससीएन, आवास विकास परिषद)
हमने कार्यदायी संस्था से निर्माण कार्यों में हो रही देर का जवाब मांगा है। वहां से मिले आश्वासन के अनुसार एक जुलाई से पहले सभी निर्माण कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। नए सत्र मेें हम खिलाड़ियों को प्रांगण में बेहतर माहौल देने का प्रयास करेंगे।
- डॉ. अतुल सिन्हा (कार्यवाहक प्रिंसपिल, लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज)