नदी में छात्रा की तलाश करती एसडीआरएफ की टीम।
लखनऊ। मड़ियांव क्षेत्र के आईआईएम रोड स्थित घैला पुल से शुक्रवार दोपहर गोमती नदी में छलांग लगाने वाली छात्रा शिवांगी कश्यप (21) का दूसरे दिन भी कोई पता नहीं चल सका है। एसडीआरएफ की टीम ने पुलिस के साथ गोमती नदी में देर शाम तक तलाश की थी। युवती सुबह घर से कॉपी लेने जाने की बात कहकर निकली थी। दुबग्गा पुलिस ने पिता की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज की है।
इंस्पेक्टर अभिनव वर्मा के मुताबिक चार मंजिला कॉलोनी निवासी विनोद कश्यप इलेक्ट्रिशियन हैं। विनोद के अनुसार इकलौती बेटी शिवांगी शुक्रवार सुबह 11 बजे घर से कॉपी लेने निकली थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। उसी दौरान सूचना मिली कि एक युवती ने गोमती में छलांग लगा दी है। स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ ने खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार को भी उसकी तलाश की गई, लेकिन छात्रा का कुछ पता नहीं चल सका।
मोबाइल का सारा डाटा डिलीट कर घर पर छोड़ा
आम्रपाली चौकी इंचार्ज कुलदीप यादव ने बताया कि शिवांगी ने घर से बाहर जाने से पहले अपने मोबाइल का सारा डेटा डिलीट कर दिया था। पुलिस ने मोबाइल नंबर की सीडीआर रिपोर्ट मंगवाई है।