ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के जयरामपुर मदारीगंज के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव की पहचान शुक्रवार को हो गई। शव ट्रक चालक का था। पत्नी ने हत्या करके शव फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस जांच करने के बजाय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। इससे पीड़ित पक्ष में पुलिस के प्रति नाराजगी है।
जिले के हरचंदपुर थाना क्षेत्र के शमशेरगंज कठवारा निवासी जयप्रकाश (43) ट्रक चालक था। वह प्रयागराज जिले के बारा स्थित फैक्टरी से सीमेंट लादकर बृहस्पतिवार की सुबह ऊंचाहार क्षेत्र के मदारीगंज जामों गैस एजेंसी के पास पहुंचा था। ट्रक मालिक के कहने पर वह ट्रक का क्राउन बनवाने मिस्त्री के पास गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह दोपहर चार बजे तक मिस्त्री के पास था लेकिन उसके बाद वह लापता हो गया। ट्रक मालिक व अन्य लोग उसकी खोज कर रहे थे। इस दौरान देर रात एजेंसी के सामने झाड़ियों में उसका शव पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को शव के पास पानी की बोतल मिली थी।
शुक्रवार को पत्नी सीमा ने जय प्रकाश की पहचान अपने पति के रूप में की। पत्नी का कहना है कि उसके पति की हत्या की गई है। पुलिस सही तरीके से मामले की जांच करे तो घटना की हकीकत सामने आ सकती है। कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ट्रक चालक की मौत की सही वजह सामने आएगी।