लखनऊ। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह 15 जून रखी गई थी। अब 25 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। इस बार पुरस्कार की राशि में भी बढ़ोतरी करने के लिए एक प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। बीएम शाह पुरस्कार व सफदर हाशमी पुरस्कार के लिए भी आवेदन की अंतिम तिथि 25 जून ही रहेगी।
संगीत नाटक अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित नाहर ने बताया कि वर्ष 2021 से संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों की घोषणा नहीं की गई थी। वर्ष 2022, 2023 और 2024 के लिए पुरस्कारों को लेकर आवेदन प्रक्रिया चल रही है और 2021 के लिए आवेदन पहले ही आमंत्रित किए जा चुके हैं। पुरस्कारों के लिए प्रदेश भर से आवेदन और संस्तुतियां मिल रहीं हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून थी, लेकिन अब इसे 25 जून कर दिया गया है।
अभी तक संगीत नाटक अकादमी पुरस्कारों के लिए मिलने वाली राशि 10 हजार रुपये निर्धारित थी लेकिन इस बार उम्मीद है कि यह राशि बढ़ सकती है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है। प्रयास है कि इसे 50 हजार रुपये तक किया जाए। इसके अलावा बीएम शाह पुरस्कार व सफदर हाशमी पुरस्कार के लिए भी कार्रवाई चल रही है।
लोक कलाकारों के आवेदन के लिए जिलाधिकारियों को भेजा पत्र
डॉ. शोभित ने बताया कि जो भी कलाकार पुरस्कारों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे अपने जिले में मौजूद पूर्व अवॉर्डी रहे कलाकारों से संपर्क कर सकते हैं। पूर्व में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार प्राप्त कलाकारों को आवेदन फॉर्म भेज दिए गए हैं। आवेदनकर्ता उनसे फॉर्म ले सकते हैं और उनकी संस्तुति पर अकादमी को भेजें। लोक कलाकारों के संबंध में सभी जिलाधिकारियों को भी पत्र भेजा गया है। वहां के स्थानीय लोक कलाकारों की संस्तुति जिलाधिकारी करके भेजेंगे।
इन विधाओं के कलाकारों से मांगे गए आवेदन
गायन, वादन, नृत्य, रंगमंच, समीक्षा, लेखन, कला उन्नयन एवं कला छायांकन, लोकनृत्य व लोक संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकार इन पुरस्कारों के लिए आवेदन कर सकते हैं।