लखनऊ। पुरानी रंजिश को लेकर काकोरी के बेलवा गांव में सोमवार रात दिवाली पर हलवाई विशाल लोधी को मिलने के बहाने बुलाकर तीन लोगों ने पीट दिया। आरोपियों पर पीड़ित के घरवालों को भी पीटने और लूटपाट करने का आरोप है। वहीं, पिटाई में घायल विशाल की हालत नाजुक बनी हुई है। काकोरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विशाल की मां ने बताया कि बेटे का गांव के तिवारी रावत, करवा रावत और जयचंद से काफी समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। इसी को लेकर सोमवार रात नौ बजे तीनों ने बेटे को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि विशाल के पहुंचते ही आरोपियों ने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। लहूलुहान होकर बेटा जब बेहोश हो गया तो आरोपी उसे मरा समझकर झाड़ियों में फेंककर चले गए। कुछ देर बाद वहां से गुजरे रहे ग्रामीणों की नजर बेहोश पड़े विशाल पर पड़ी तो उन्होंने सूचना दी। काकोरी पुलिस ने विशाल को अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद लौटा दिया गया। ऐसे में घरवालों ने विशाल को दोबारा निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
विशाल की मां का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत कोई कार्रवाई नहीं की। बल्कि वह और घरवाले जब अस्पताल से घर लौटे तो तीनों आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। इंस्पेक्टर सतीश राठौर का कहना है कि लूटपाट की बात सही नहीं है। केस दर्ज किया गया। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं।