लखनऊ में नगराम के कलंदरखेड़ा में सोमवार रात शराब पीकर हंगामा कर रहे बारातियों को समझाने पहुंचे भाई की पिटाई से नाराज दुल्हन ने शादी तोड़ दी। परिवारीजनों ने दुल्हन को बहुत समझाया लेकिन वह नहीं मानी। रातभर दूल्हा और वर पक्ष के लोग माफी मांगते रहे। मंगलवार सुबह पुलिस भी वधू पक्ष के घर आ गई, लेकिन दुल्हन टस से मस न हुई।
अंतत: वर पक्ष को आयोजन में खर्च रकम और सामान लौटाकर दुल्हन के बगैर लौटना पड़ा।एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि कलंदरखेड़ा गांव निवासी दशरथ की बेटी निशा की शादी उन्नाव के पाठकपुर में रहने वाले शिवप्रसाद के बेटे वीरेंद्र से होनी थी। सोमवार देर शाम वीरेंद्र धूम-धाम और बैंड-बाजे के साथ नाचते-गाते हुए निशा के घर पहुंचा।
बारात जैसे ही निशा के घर के दरवाजे पर पहुंची, शराब पीकर डांस कर रहे युवकों ने हुल्लड़ शुरू कर दिया। इस दौरान अचानक कहीं से एक पत्थर आकर दूल्हे के भाई धर्मेंद्र के सिर पर लगा। धर्मेंद्र को घायल देख नशे में धुत युवक भड़क उठे। उन्होंने घर के दरवाजे पर खड़े लोगों से गाली-गलौज व मारपीट की।