लखनऊ। पारा के सोनियानगर निवासी चार दिन से लापता नवीन कुमार (35) का शव मंगलवार शाम को मड़ियांव क्षेत्र के घैला स्थित गोमती नदी की झाड़ियों में फंसा मिला। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान की। युवक के परिजनों ने 28 अगस्त को पारा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जहां पीएम के बाद परिजन शव लेकर पैतृक गांव हरदोई चले गए।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया हरदोई के संडीला ग्राम हसनापुर निवासी पवन कुमार के अनुसार बेटा पारा के सोनियानगर के मकान में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। हरियाणा के विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद के लिए एग्जाम दिया था, जिसमें नवीन का चयन नहीं हो पाया था। इससे नवीन परेशान चल रहा था। 28 अगस्त की शाम को बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गया और काफी देर तक वापस नहीं आया। मंगलवार की शाम को नवीन का शव मड़ियांव क्षेत्र के घैला चौकी अंतर्गत गोमती नदी में झाड़ियों में मिला।