हादसे के बाद जमा सड़क जाम करते स्थानीय लोग।
सरोजनीनगर। क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार एलपीजी गैस टैंकर ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार युवक को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से नाराज लोगों ने हंगामा किया और शव रखकर सड़क पर जाम कर दी।
मूल रूप से गोंडा के बनगांव निवासी अंकित कुमार (30) अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सरोजनीनगर में अमौसी रेलवे स्टेशन के पास किराये पर रहकर टीएस मिश्रा अस्पताल में टीपीए एग्जीक्यूटिव पद पर नौकरी करते थे। अंकित बुधवार अपराह्न करीब तीन बजे अपनी स्कूटी से कानपुर रोड स्थित नादरगंज तिराहे से अमौसी रेलवे स्टेशन जाने वाली रोड से घर जा रहा था, तभी कान्हा उपवन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार एलपीजी गैस टैंकर के पहिये के नीचे आ गया। टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने शव रखकर सड़क किया जाम
घटना से गुस्साए राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच सड़क पर शव रखकर रोड जाम कर दी। उनका आरोप था कि काफी दिनों से सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के बावजूद टैंकर चालक तेजी से वाहन लेकर निकलते हैं। साथ ही यहां फैक्टरी और वेयरहाउसों के भारी वाहन भी सड़क पर दोनों तरफ खड़े रहते हैं, जिससे रास्ता संकरा बना रहता है। इससे आने-जाने में लोगों को दिक्कत होती है। सरोजनीनगर पुलिस पहुंची और उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। एसीपी के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसे के बाद जमा सड़क जाम करते स्थानीय लोग।
हादसे के बाद जमा सड़क जाम करते स्थानीय लोग।
हादसे के बाद जमा सड़क जाम करते स्थानीय लोग।