लखनऊ। भाजपा की महानगर इकाई बृहस्पतिवार से पांच दिनों तक मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाएगी। इसको लेकर बुधवार को विशेष बैठक भी हुई, जिसमें पार्षदों को प्रत्येक बूथ पर प्रतिदिन 50 फाॅर्म भरवाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा पार्षदों को 500 और मोर्चा अध्यक्षों को 1,000 फाॅर्म भरवाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बैठक में महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि 12 से 16 नवंबर तक पांच दिवसीय विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विधानसभा क्षेत्र से मंडल स्तर तक संयोजकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे भरे हुए फाॅर्म संबंधित बीएलओ को जमा कराकर उसकी रसीद भी अनिवार्य रूप से प्राप्त करेंगे। बैठक में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, अंजनी श्रीवास्तव, महामंत्री घनश्याम दास अग्रवाल, सत्येंद्र सिंह, टिंकू सोनकर, उपाध्यक्ष विनायक पांडेय, सीता नेगी, जीडी शुक्ला, सौरभ वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।