लखनऊ। हजरतगंज में रविवार सुबह हॉस्टल से चोरी करके भाग रहे सैरपुर के धतिंगरा गांव निवासी आरोपी अर्जुन प्रसाद को लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने उसे डीजीपी आवास के पास पार्क की ग्रिल से बांध दिया। आरोप है कि लोगों ने उसे पीटा भी। हजरतगंज पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के मुताबिक रविवार सुबह सात बजे अर्जुन ने हाइडिल फील्ड हॉस्टल में रह रहे किशन के कमरे से मोबाइल, इयर बड्स और चार्जर चोरी किया था। आरोपी वहां से भाग रहा था, तभी राहगीरों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। इस बीच आरोपी को लोगों ने बांधकर पूछताछ की। अर्जुन ने चोरी की बात कबूल ली।
आरोपी ने कहा कि वह नशे में है और आलमबाग के नहरिया पर स्थित हुक्का बार में काम करता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।