लखनऊ। खदरा निवासी अंजुम आरा के घर में एक सितंबर को हुई जेवर और नकदी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फैसल और सराफ मदेयगंज निवासी वासु के पास से चोरी के जेवर और कुछ रुपये बरामद हुए हैं।
डीसीपी मध्य डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि खदरा निवासी अंजुम एक सितंबर की दोपहर फैजुल्लागंज निवासी भाई कामिल के घर गई थीं। इस बीच उनके बंद मकान का ताला तोड़कर आरोपी फैसल जेवर और 15 हजार रुपये चोरी कर ले गया था। उन्होंने उसी दिन मदेयगंज थाने में चोरी का केस दर्ज कराया था। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस को आरोपी फैसल की फुटेज मिली थी। इसकी मदद से बीती रात पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी किए गए कुछ जेवर और तीन हजार रुपये मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने चोरी के कुछ जेवर रामलीला मैदान निवासी सराफ वासु के हाथ बेचे थे। इसके बाद पुलिस ने सराफ को भी गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर भी चोरी के कुछ जेवर बरामद किए।
इंस्पेक्टर मदेयगंज राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी फैसल के खिलाफ पहले से लखनऊ व सीतापुर में 23 मुकदमे दर्ज हैं। सीतापुर के तंबौर थाने से उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी की जा चुकी है।