लखनऊ। फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। इससे पहले 24 जनवरी से इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आरंभ होंगी। परीक्षा को लेकर चिंता और तनाव में रहने वाले विद्यार्थियों की मदद के लिए टेली मानस का टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। इस सेवा के माध्यम से विद्यार्थी परीक्षा तनाव से राहत पाने के साथ बेहतर अंक लाने के लिए उपयोगी टिप्स भी ले सकेंगे।
विज्ञान प्रगति अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए प्रयोग परामर्श हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। संयुक्त शिक्षा निदेशक, लखनऊ मंडल कार्यालय में परीक्षार्थियों की शंकाओं के समाधान के लिए विशेष टीम मौजूद रहेगी। परामर्श हेल्पलाइन नंबर 9415664679 पर संपर्क कर भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान लिया जा सकता है।
24 जनवरी से शुरू हो रही इंटरमीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाओं को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने सभी माध्यमिक विद्यालयों को निर्देश जारी किए हैं। सभी विद्यालयों को प्रयोगशालाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने, आवश्यक उपकरण व रसायनिक सामग्री उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं, ताकि परीक्षाएं सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सकें।