बाइक चलाते वक्त तेज रफ्तार और हंसी-मजाक करना 17 साल के सुधीर को भारी पड़ गया। लखनऊ में विभूतिखंड थानाक्षेत्र के पिकअप फ्लाईओवर के मोड़ पर बृहस्पतिवार को अनियंत्रित बाइक रेलिंग से टकराकर करीब 40 फीट नीचे गिर गई। हादसे में सुधीर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी अंकित (15) व नीरज (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
विज्ञापन
2 of 6
घायल नीरज
- फोटो : अमर उजाला
प्रभारी निरीक्षक राजीव द्विवेदी के मुताबिक , हरदोई के अतरौली का राजेंद्र बेटों सुधीर व सचिन के साथ गोमतीनगर स्टेशन के पास झुग्गी-बस्ती में रहता है। राजेंद्र सुबह डाला लेकर चला गया। वहीं, सुधीर अपने दोस्त अंकित के साथ घूमने निकल गया। रास्ते में उसे दूसरा साथी नीरज मिल गया। वह अपने मालिक की बाइक से था। सुधीर ने उससे बाइक ले ली। इसके बाद तीनों ने रेस्टोरेंट में खाना खाया और फिर निकल पड़े। पिकअप फ्लाईओवर से लोहिया अस्पताल की ओर मोड़ते ही तेज रफ्तार बाइक रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद तीनों बाइक के साथ करीब 40 फीट नीचे गिर गए। हादसे में सुधीर ने दम तोड़ दिया। उसके साथी अस्पताल में हैं।
विज्ञापन
3 of 6
घायल अंकित
- फोटो : अमर उजाला
गुदगुदी लगने से छूटा नियंत्रण
घायल अंकित के मुताबिक बाइक चलाते समय नीरज ने सुधीर को गुदगुदी कर दी। इससे उसका नियंत्रण हट गया और हादसा हो गया। पुलिस के मुताबिक सुधीर विभूतिखंड स्थित निजी कंपनी के कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। पड़ोसी अंकित से उसकी दोस्ती थी। दोनों साथ काम करते थे। वहीं, गोसाईंगंज के पुराना गल्लामंडी के नीरज से उनका परिचय था। वह विभूतिखंड स्थित दुकान में पेंटिंग का काम करता है।
4 of 6
सुधीर (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
सिर में चोट आने से हुई मौत
राहगीरों ने हादसे की सूचना विभूतिखंड पुलिस को दी। पुलिस ने तीनों को लोहिया अस्पताल पहुंचाया। यहां से उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। नीरज का पैर और अंकित की तीन पसलियां टूटी हैं। वहीं, सिर में गंभीर चोट आने से सुधीर की मौत हो गई। लोगों का कहना है कि सुधीर ने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच जाती।
विज्ञापन
5 of 6
फ्लाई ओवर से गिरकर बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
नीरज को छोड़ने जा रहे थे दोनों
नीरज टिम्बर के मालिक मनोज तिवारी की बाइक लेकर आया था। वह रास्ते में दोनों से मिला। सुधीर ने नीरज को उसकी बाइक से दुकान पर छोड़ने की बात कही तो वह तैयार हो गया। इसके बाद सुधीर ने नीरज से बाइक चलाने के लिए ले ली। हादसे के वक्त नीरज बीच में और अंकित पीछे बैठा था।
फ्लाई ओवर से गिरकर बाइक सवार की मौत
- फोटो : अमर उजाला
पिकअप फ्लाईओवर से गिरकर दो साल में हो चुकी है पांच की मौत
- 13 जनवरी की रात फ्लाईओवर पर बेकाबू कार ने बाइक सवार नगर निगम कर्मचारी अतीक को टक्कर मार दी। हादसे में वह नीचे जा गिरा और दूसरी तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसकी जान ले ली थी। हादसे के बाद कार भी डिवाइडर से टकरा गई।
- 21 मार्च को फ्लाईओवर से गिरकर बाइक सवार सत्येंद्र पांडेय और प्रमोद द्विवेदी की मौत हो गई थी। बाइक की रफ्तार तेज थी। स्पीड ब्रेकर से उछलकर बाइक रेलिंग से टकराई और नीचे जा गिरी। गोंडा के मनकापुर निवासी सत्येंद्र गोमतीनगर में रहता था। सिद्धार्थनगर का प्रमोद इंदिरानगर सेक्टर-11 में किराए पर रहकर रियल एस्टेट कंपनी में काम करता था।
- सात नवंबर 2017 को विभूतिखंड थानाक्षेत्र स्थित लोहिया पथ ओवर ब्रिज पर बुधवार देर रात उलटी दिशा से आ रही कार ने बुलेट सवार युवक ऋषभ शंखधर को टक्कर मार दी। हादसे में युवक उछलकर एक ओवर ब्रिज से दूसरे पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल ऋषभ शंखधर को राहगीरों की मदद से लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वह इंदिरानगर के तकरोही बुद्ध विहार निवासी राजीव शंखधर का बेटा था। मामले में पुलिस ने कार सवारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। कार भी कब्जे में ली थी। कार बैंक ऑफ बड़ौदा के एक कर्मचारी की थी।