इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के मुताबिक सदर निवासी विकास कुमार बीते कुछ समय से पत्नी आयुषी, बड़ी बेटी अदिति और छोटी बेटी अनन्या के साथ रश्मिखंड शारदा नगर में किराये के मकान में रह रहे थे। विकास गाड़ी चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी घर के पास निजी स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हैं। वहीं, अदिति साइबर कैफे में काम करती थी। शनिवार सुबह पति-पत्नी ड्यूटी पर चले गए थे। छोटी बेटी अनन्या स्कूल गई थी। अदिति घर पर ही थी। दोपहर करीब 12:30 बजे अनन्या स्कूल से लौटी तो दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। किसी तरह वह कुंडी खोलकर भीतर दाखिल हुई तो कमरे में अदिति को फर्श पर पड़ा देखा। उसके गले में दुपट्टा फंसा हुआ था। उसने तुरंत माता-पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
विकास बेटी को लेकर निजी अस्पताल गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने अदिति का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया। विकास ने अदिति के मोबाइल फोन की छानबीन और कॉल डिटेल खंगालने की मांग की है।