माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड परीक्षा की कॉपियों के मूल्यांकन में बाधा पहुंचाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी।
प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा जितेंद्र कुमार ने मंडलायुक्त, डीएम, पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर सहयोग मांगा है।
कहा है कि कतिपय शिक्षक संगठनों ने बहिष्कार वापस ले लिया है, लेकिन कुछ अवांछनीय तत्व इसे रुकवाने का प्रयास कर रहे हैं। इसलिए ऐसे लोगों पर कार्रवाई कर इसे तत्काल रोका जाए।
प्रमुख सचिव ने कहा है कि बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन 30 मार्च से शुरू होकर 15 दिनों तक चलना है।
शिक्षक संगठनों ने की शिकायत
प्रमुख सचिव ने लिखा कि कतिपय शिक्षक संगठनों ने बहिष्कार की घोषणा की थी, जिसे उन्होंने वापस ले लिया है। शिक्षक बोर्ड की कॉपियां जांचना चाहते हैं, लेकिन कुछ लोग उन्हें रोक रहे हैं।
प्रमुख रूप से वाराणसी, कानपुरनगर, लखनऊ, उन्नाव, सीतापुर, बरेली, आजमगढ़, बलिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर व रायबरेली में शिक्षकों को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों को सुरक्षा मिलेगी और जो भी धमकाने की कोशिश करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि मूल्यांकन केंद्रों पर उन्हीं को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास उस केंद्र पर कॉपियां जांचने के लिए प्रवेश पत्र होगा।