यूपी के कानपुर शहर में नौकरी से हटाए जाने से क्षुब्ध नगर निगम बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीचर संध्या सोनकर द्विवेदी ने बृहस्पतिवार दोपहर कमिश्नर आफिस से लौटकर सिविल लाइंस के श्रमजीवी छात्रावास में आत्मदाह कर लिया।
पुलिस का कहना है कि संध्या का कमिश्नर को दिया गया एक पत्र मिला है जिसमें नौकरी से हटाए जाने का जिक्र है। आशंका है कि इसी वजह से संध्या ने यह कदम उठाया।
कल्याणपुर के बरसाइतपुर निवासी शिव विलास द्विवेदी की पत्नी संध्या (49) बसंती नगर जूही स्थित विद्यालय में संगीत टीचर थीं। वे श्रमजीवी छात्रावास के कमरा नंबर 56 में रहती थीं।
हॉस्टल की रानी कश्यप ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे संध्या कमरे में पहुंची और खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। धुआं उठते देख आसपास के कमरों से महिलाएं दौड़ीं और पानी डाला लेकिन तब तक संध्या दम तोड़ चुकी थी।
बाद में कोतवाली सीओ ओपी सिंह, इंस्पेक्टर हरीराम वर्मा छात्रावास पहुंचे और महिलाओं से पूछताछ की। इसी बीच संध्या के भाई प्रकाश नारायण भी हॉस्टल आ गए। उन्होंने बताया कि परिवार की ज्योति से संध्या का जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। मामला सिविल कोर्ट में है।