उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड व मिजोरम के राज्यपाल रह चुके अजीज कुरैशी कहते हैं कि सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव उनके हीरो हैं। मुलायम ने मुख्यमंत्री रहते हुए जिस तरह से बाबरी मस्जिद को बचाने के लिए अपने ही धर्म के लोगों पर गोलियां चलवाईं, उसे कोई भी मुसलमान भूल नहीं सकता।
यही कारण है कि नेहरू-गांधी खानदान के बाद वे मुलायम का ही सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि मुलायम व आजम खां ही मुसलमानों के सच्चे हितैषी और सपा की असली ताकत हैं।
पूर्व राज्यपाल ने कहा कि वे विचारधारा से तो कांग्रेसी हैं, लेकिन उनका दिल मुलायम के साथ है। कुरैशी पिछले कई दिनों से लखनऊ में हैं। वे घुटनों का इलाज कराने आए हैं।
उन्होंने बताया कि आजम खां ही अपने किसी जानकार डॉक्टर से वैक्स व एक्यूपंक्चर थैरेपी से उनका इलाज करा रहे हैं। वीवीआईपी गेस्ट हाउस में रुके अजीज कुरैशी ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में कई मसलों पर अपनी बेबाक राय रखी।
धर्म निरपेक्षता को नुकसान पहुंचाने के लिए यूपी आ रही एमआईएम
कुरैशी ने मजलिस-ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एमआईएम) पर निशाना साधते हुए कहा कि बाहर से जो लोग यूपी में आकर मुसलमानों को बहका रहे हैं, वे धर्म निरपेक्ष ताकतों की नींव कमजोर करने और सांप्रदायिक ताकतों को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। ये सोशल मीडिया के जरिये युवाओं में जहर भर रहे हैं। ऐसी ताकतों से यूपी के मुसलमानों को भी सचेत रहना होगा।