लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में एक स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक ने कक्षा छह के छात्र को डस्टर से बेतहाशा पीटा और किसी को बताने पर जलाकर मार डालने की धमकी देकर चुप करा दिया। बुखार से तपते घर लौटे छात्र की हालत बिगड़ती गई। तीसरे दिन उसने माता-पिता को आपबीती सुनाई।
पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज करके छात्र को अस्पताल भेजा है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पिंक सिटी के ज्ञानेंद्र विहार निवासी मनीष कुमार ने अवध कॉलेजिएट स्कूल के शिक्षक अपूर्व मिश्रा पर अपने 12 वर्षीय बेटे वेदांश की बुधवार को डस्टर से पिटाई, गालीगलौज व जलाकर मार डालने की शिकायत की। प्राथमिकी दर्ज करके वेदांश को रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल भेजा गया।
वहां से उसे केजीएमयू रेफर किया गया है। बिजली विभाग में कार्यरत मनीष कुमार का कहना है कि कक्षा छह के छात्र वेदांश से शिक्षक अपूर्व मिश्रा ने बुधवार को कंप्यूटर की पुस्तक दिखाने को कहा। समयसारिणी के हिसाब से बुधवार को कंप्यूटर की क्लास न होने के चलते वेदांश पुस्तक नहीं ले गया था।
इस पर शिक्षक ने डस्टर से उसकी पिटाई शुरू कर दी। बच्चे द्वारा समयसारिणी की बात कहने से भड़के शिक्षक ने गला पकड़कर उसे बहुत पीटा। इसके साथ किसी से बताने पर जलाकर मार डालने और सबके सामने बेइज्जत करने की धमकी दी। गुमसुम हालत में घर लौटे वेदांश को बुखार से तपते देख मां ने चाय दी और बिस्तर पर लिटा दिया।