बेखौफ बदमाशों ने रविवार को मार्निंग वॉक से लौट रहे वाणिज्य कर के जॉइंट कमिश्नर एके सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए।
लेकिन बदमाशों ने उनके बचाव के लिए पहुंचे वाणिज्य कर के असिस्टेंट कमिश्नर रत्नशंकर मिश्र के सिर में गोली मार दी। उन्हें रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर है।
जॉइंट कमिश्नर एके सिंह विकास नगर उद्यान विहार के केशव इंक्लेव में पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि मार्निंग वॉक से लौटते वक्त घर से करीब 100 मीटर पहले दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और पूछा क्या करते हो। जब उन्होंने बताया कि वाणिज्य कर विभाग में हूं।
तभी एक युवक ने उनकी गर्दन दबोच ली। जॉइंट कमिश्नर उस युवक को पीछा ढकेल कर शोर मचाते हुए भागे। इस पर दोनों ने फायरिंग कर दी, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।
तभी वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर रत्नशंकर मिश्र भी मार्निंग वॉक करते वहां आ गए। उन्होंने दोनों बदमाशों को रोका। इस पर एक बदमाश कहा- तुझे क्या लेना देना, तू यहां से जा। जब रत्नशंकर नहीं हटे तो एक बदमाश ने उन पर गोली चला दी।
गोली रत्नशंकर के माथे में लगी और लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद दोनों बदमाश भाग निकले। जॉइंट कमिश्नर एके सिंह का कहना है कि कर चोरों के खिलाफ कार्रवाई से कुछ लोग उनके जान के दुश्मन बन गए हैं। बदमाशों ने जान से मार डालने नीयत से हमला किया। उन्होंने एसएसपी से सुरक्षा की मांग की है।