गुडंबा। विकासनगर सेक्टर-तीन के कन्हैयानगर में कैंची के हमले में घायल टेलर मुश्ताक अंसारी (52) की बुधवार रात अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने सीतापुर के सिधौली के अलाहासपुर निवासी आरोपी पंकज को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
मुश्ताक के बेटे सुफियान के मुताबिक पंकज कुमार कन्हैयानगर में सैलून चलाता है। आरोप है कि वह सैलून की आड़ में सट्टा खिलाने और गांजा बेचने का काम करता था। इससे कॉलोनी के लोगों में काफी नाराजगी थी। उनके भाई सुहैल ने मंगलवार को पंकज के खिलाफ विकासनगर थाने में शिकायत की थी। शिकायत के बाद पंकज, मुश्ताक और अन्य लोगों को धमका रहा था। शुक्रवार देर शाम श्री सिद्धि विनायक ज्वैलर्स के सामने विवाद हुआ। इस दौरान पंकज ने मुश्ताक पर कैंची से गर्दन पर कई वार किए।
हमले में मुश्ताक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजनों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एसीपी गाजीपुर अतुल कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी पंकज को गिरफ्तार किया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अब हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।
कन्हैयानगर में तैनात पुलिस बल।