लखनऊ। महानगर में दो टप्पेबाजों ने रुपये का लालच देकर 75 वर्षीय उर्मिला गुप्ता के चार लाख के जेवर ले लिए। पीड़िता ने महानगर थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
निशातगंज निवासी उर्मिला के मुताबिक 21 जनवरी को दोपहर तीन बजे वह गोल चौराहा स्थित आर्चीज गैलरी शोरूम खरीदारी करने गई थीं। वहां उन्हें दो युवकों ने गहनों की कीमत से अधिक रुपये देने का झांसा दिया। इस पर उन्होंने सोने के बाले, मंगलसूत्र, अंगूठी व नाक की कील टप्पेबाजों को दे दी। जेवरों की कीमत चार लाख रुपये थी। टप्पेबाज ने अखबार में लिपटा हुए एक बंडल देकर चले गए। उन्होंने घर पहुंचकर बंडल खोला तो उसमें नोट के साइज के सिर्फ कागज निकले। इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र के मुताबिक शोरूम में लगे सीसीटीवी फुटेज में आरोपी दिखे हैं। इनकी तलाश के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।