मेले की जानकारी देते उपायुक्त उद्योग मनोज चौरसिया।
लखनऊ। वोकल फॉर लोकल के तहत दिवाली पर शहरवासियों को अच्छे व किफायती उत्पाद मिल सकें, इसके लिए बृहस्पतिवार से उद्योग विभाग की ओर से लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में स्वदेशी मेले की शुरूआत की जा रही है। नौ अक्तूबर से शुरू होने वाला यह मेला 18 तक चलेगा। मेले में स्थानीय हस्तशिल्पियों, कारीगरों, उद्यमियों के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उपायुक्त उद्योग मनोज चौरसिया ने बताया कि इस मेले से न सिर्फ लखनऊवासियों को दिवाली की अच्छी और सस्ती खरीद का मौका मिलेगा बल्कि स्थानीय उद्यमियों व कारीगरों को भी बेहतर मार्केटिंग का अवसर होगा। हाल ही में ग्रेटर नोएडा में संपन्न हुए इंटरनेशनल ट्रेड शो की तर्ज पर जिलास्तरीय यूपी ट्रेड शो-2025 स्वदेशी मेले की शुरुआत की जा रही है।
मकसद लखनऊ की सांस्कृतिक धरोहर जैसे पारंपरिक कला व शिल्प, हथकरघा, खादी एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा और संरक्षण देना है। मेले में उद्योग विभाग, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, माटी कला बोर्ड, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग, रेशम विभाग समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के स्टॉल होंगे। ओडीओपी उत्पाद चिकनकारी व जरदोजी के साथ साथ फूड प्रोसेसिंग, सजावट और लाइटिंग समेत तमाम उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।