लखनऊ। त्योहारी सीजन में बाजारों में कोई अवांछनीयता न फैले इसके लिए अपर नगर मजिस्ट्रेट, नगर निगम के जोनल अफसर, एसीपी और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी स्थानीय व्यापारियों संग बैठक करेंगे। व्यापारियों की मांग पर डीएम विशाख जी ने बुधवार शाम को ये निर्देश जारी किए। इसके अलावा सराफा बाजार में पुलिस बल की भी तैनाती की जाएगी।
बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलास्तरीय व्यापार बंधु की अध्यक्षता डीएम विशाख जी ने की। बैठक में चारबाग व नाका में अवैध अतिक्रमण हटाने, भिठौली चौराहे पर सुलभ शौचालय का निर्माण कराने, अमीनाबाद मेडिसिन मार्केट में फैली गंदगी व पार्किंग न होने का मुद्दा उठा। अपर नगर आयुक्त अरविंद कुमार राव ने बताया कि पास ही के मछली मंडी के पास पार्किंग प्रस्तावित है। डीएम ने सर्वे कर जरूरी कार्रवाई के लिए कहा। बिजली के खुले तारों पर लेसा के अफसरों को भी चेतावनी दी।
रहीमनगर चौराहे से रिंग रोड तक सड़क की मरम्मत और अलका पुल तिराहा अलीगंज में सड़क मरम्मत के लिए नगर निगम को कहा। बाजारों में सफाई रखने और स्ट्रीट लाइट बदलने को कहा। सीडीओ अजय जैन, अपर जिलाधिकारी नगर पूर्वी महेंद्रपाल सिंह आदि अफसर मौजूद रहे।
व्यापारियों संग अफसरों की बैठक का उठाया मुद्दा
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने त्योहारों के मद्देनजर अमीनाबाद, भूतनाथ मार्केट, पत्रकारपुरम, आलमबाग, निशातगंज, कपूरथला सहित सभी बाजारों में स्थानीय व्यापार मंडल संग पुलिस प्रशासन के बैठक कर रोडमैप बनाने की मांग की। डीएम को सौंपे गए ज्ञापन में वोकल फॉर लोकल के तहत ओडीओपी की तर्ज पर एलडीएलटी यानि लोकल डिस्ट्रिक्ट में लोकल ट्रेडर से सरकारी खरीद को प्राथमिकता दिए जाने और रिटेल ट्रेड व ई-कॉमर्स पॉलिसी लाने की मांग की गई। खाद्य टीम की ओर से सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट आने पर ही नाम सार्वजनिक करने, ज्वेलरी दुकानों पर सुरक्षा प्रबंध करने, स्मार्ट मीटर में बिजली विभाग तो नगर निगम में जल व सीवर के बिलों में मनमानी रोकने समेत रहीमनगर में महाकालेश्वर मंदिर रोड पर खुले नाले को बंद करने की मांग की गई। वहीं, तेलीबाग, आशियाना, खजाना कॉम्पलेक्स, गौरीगंज, सरोजनीनगर और आईटी चौराहा पर अधूरे काम पूरे कराने की मांग रखी गई।
-
बिजली की समस्याएं उठाईं
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने डीएम विशाख जी को सौंपे ज्ञापन में जीएसटी के सरलीकरण, एक ट्रेड में कर की दर समान होने पर केवल एक एसएचन कोड रखने, धारा 9(3) को रद्द करने, आईटीसी के ऑटो रिफंड की व्यवस्था करने की मांग की गई। अमीनाबाद में बिजली कटौती न करने व बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए संभ्रांत व्यापारियों के हस्ताक्षर करवाकर नए व्यापारियों को कनेक्शन देने की मांग की गई।