बेसिक शिक्षा विभाग में सरप्लस अध्यापकों को अपने समायोजन और स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऐसा नहीं करने वालों को जिले के किसी भी विद्यालय में रिक्त पद पर भेज दिया जाएगा।
सरप्लस अध्यापकों और रिक्त पदों की सूची प्रत्येक जिले की एनआईसी की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव संजय सिन्हा ने निर्देश दिया है कि सरप्लस अध्यापकों के समायोजन तथा स्थानांतरण की कार्यवाही ऑनलाइन ही की जाएगी।
इन शिक्षकों को अनिवार्य रूप से ऑनलाइन आवेदन कर पदस्थापन के लिए स्वेच्छा से विद्यालयों का विकल्प देना होगा। उन्होंने सभी बेसिक शिक्षा अधिकारियों को ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले सरप्लस अध्यापकों की सूची और रिक्त पदों का विवरण एनआईसी की वेबसाइट पर डालने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया है कि सरप्लस शिक्षक की ओर से ऑनलाइन आवेदन नहीं करने पर उनका तबादला जनपद में किसी भी विद्यालय में रिक्त पद पर कर दिया जाएगा। सरप्लस शिक्षकों के समायोजन के बाद बचने वाले रिक्त पदों पर ही स्थानांतरण की कार्रवाई शुरू की जाएगी।